लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप, विवाद के बाद अधिवक्ताओं ने थाने का घेराव

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। चायल तहसील में ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाणपत्र की रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपाल पर रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि रिश्वत देने से इनकार करने पर लेखपाल और अधिवक्ता के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने पिपरी थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैभव मिश्रा के ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र की रिपोर्ट लगाने के लिए उनके रिश्तेदार अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा से लेखपाल राजेश्वर सिंह ने ₹2,000 की मांग की। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर लेखपाल ने अपने साथी लेखपाल गजेंद्र सिंह को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गई।
घटना के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बुधवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता पिपरी थाने पहुंचे और दोनों लेखपालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
वहीं, लेखपालों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत प्राप्त हो गई है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील में रिश्वतखोरी की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उनका आरोप है कि भ्रष्टाचार के मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button