ओला-उबर को टक्कर! दिल्ली-एनसीआर में लॉन्च हुई ग्रीन एसएम की इलेक्ट्रिक टैक्सी
दिल्ली के पर्यावरण और परिवहन मंत्रियों ने ग्रीन एसएम की 1,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियों वाली सेवा शुरू की, जिसमें एक मोबाइल ऐप भी शामिल है। यह पहल दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण घटाने और हरित गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए है, जिसका किराया ओला-उबर से कम होगा।

नई दिल्ली। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को वियतनाम की कंपनी ग्रीन एसएम की टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। इस दौरान 1,000 इलेक्ट्रिक टैक्सियों का बेड़ा व कैब एग्रीगेटर का मोबाइल एप्लिकेशन भी लांच किया गया।
सिरसा ने कहा, ‘दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने वाली हरित पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने आगे कहा कि विद्युतीकरण की दिशा में उठाया गया हर कदम स्वस्थ पर्यावरण एवं हमारे नागरिकों के बेहतर जीवन स्तर की ओर एक कदम है।
पंकज सिंह ने कहा, ग्रीन मोबिलिटी दिल्ली की बेहतर शहरी परिवहन व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है। यह दिल्ली की ईवी नीति के उद्देश्यों के अनुरूप स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन समाधानों को बढ़ावा देने, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली और एनसीआर में ग्रीन एसएम की ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा को एक वर्ष के भीतर 10,000 वाहनों तक विस्तारित करने की योजना है। इस टैक्सी किराया ओला और उबर टेक्सियों से कम रहने का दावा भी किया गया है।




