बुलंदशहर में दो मंजिला मकान ढहा, मलबे में दबकर चाचा-भतीजे की मौत; महिला की हालत गंभीर
यूपी के बुलंदशहर में गुरुवार देर रात दो मंजिला मकान ढह गया। सूचना पर पहुंची टीम ने तीन लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान चाचा-भतीजे की मौत हो गई।

बुलंदशहर,उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर जिले के छतारी कस्बे में गुरुवार देर रात एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के तीन सदस्य मकान के मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चाचा राजेश और उनके भतीजे सचिन की मौत हो गई। वहीं, घायल चाची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार देर रात हुआ। अचानक मकान गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद तीनों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन राजेश और सचिन को बचाया नहीं जा सका।
बताया जा रहा है कि संबंधित मकान करीब 4 से 5 साल पुराना था। हालांकि, उसके अचानक ढहने की ठोस वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अभिषेक सिंह और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
अपर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि दो मंजिला मकान गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन, एनडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल कार्रवाई की। मलबे में तीन लोगों के दबे होने की जानकारी मिली थी। तीनों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की मौत हो गई। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छतारी के चेयरमैन हाजी सलीम ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मकान गिरने से दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला घायल है। प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी रहीं और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।




