ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में दर्दनाक हादसा, 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत
नोएडा के महागुन मायवुड्स सोसायटी में टावर-23 से गिरकर पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों बालकनी से पूजा करने के लिए फूल तोड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी सीढ़ी फिसल गई और दोनों बालकनी से नीचे गिर गए।

ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। दोनों सोसायटी के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिता अपने बेटे के साथ बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान बेटे का पैर फिसल गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी संतुलन खो बैठे और दोनों नीचे जा गिरे। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026 को थाना बिसरख को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि महागुन मायवुड्स सोसायटी में ऊंचाई से गिरने के कारण दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां रणदीप पात्रा (करीब 40 वर्ष), पुत्र अमल कुमार पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव गंभीर अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दिए गए बयान में रणदीप की पत्नी ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें खाटू श्याम मंदिर जाना था और परिवार को जल्दी निकलना था। इसी तैयारी के दौरान उनके पति और बेटा पूजा के लिए बालकनी से फूल तोड़ने गए थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फूल तोड़ते समय सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण बच्चा बालकनी से नीचे की ओर लटक गया। उसे बचाने के प्रयास में पिता का भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना से सोसायटी के निवासियों और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




