फतेहगढ़ के पांचाल घाट पर 22 जनवरी से सजेगा श्रीरामनगरिया मेला, ‘उत्तर प्रदेश दर्शन’ से दिखेगी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत
फतेहगढ़ के पांचाल घाट पर 2027 में होने वाले रामनगरिया मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसमें इस बार फूड कोर्ट और 'उत्तर प्रदेश दर्शन' के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की जाएगी।

फर्रुखाबाद,उत्तर प्रदेश। फतेहगढ़ के पांचाल घाट पर 22 जनवरी से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले श्रीरामनगरिया मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले को इस बार अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के लिए संस्कृति एवं पर्यटन विभाग का सहयोग लिया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार मेले में ‘उत्तर प्रदेश दर्शन’ की अवधारणा को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इसका उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों से परिचित कराना है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में फूड कोर्ट भी विकसित किया जाएगा, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध होंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्थायी घाटों के निर्माण, स्नान के समय सुरक्षा, साफ-सफाई और आवागमन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए घाटों का निर्माण कराया जाए, ताकि स्नान के दौरान किसी को असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
डीएम ने साधु-संतों और कल्पवासियों के ठहरने सहित पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले की व्यवस्थाएं तय करते समय साधु-संतों की परंपराओं और आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाए। इसके लिए साधु-संतों से सुझाव लेकर जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि फूड कोर्ट बनने से खानपान की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और श्रद्धालुओं को अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




