दिल्ली पुलिस अकादमी में 68 प्रशिक्षुओं ने ली कर्तव्यनिष्ठा की शपथ, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
दिल्ली पुलिस अकादमी, झड़ौदा कलां में 68 पुलिस प्रशिक्षुओं का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इनमें 48 पुरुष और 20 महिला प्रशिक्षु शामिल रहे। मुख्य अतिथि उपनिदेशक राजबीर मलिक ने परेड की सलामी ली, जबकि सहायक निदेशक प्रभु दयाल ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस अकादमी, झड़ौदा कलां में विभिन्न वर्गों के 68 पुलिसकर्मियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 48 पुरुष और 20 महिला प्रशिक्षुओं ने अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। समारोह में अकादमी के उपनिदेशक राजबीर मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने परेड की सलामी ली। सहायक निदेशक (इनडोर) प्रभु दयाल ने प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।
प्रशिक्षण पूरा करने वाले 68 प्रशिक्षुओं में तीन अलग-अलग वर्गों के पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें आरक्षी (कार्यकारी) बैच संख्या 128 के 58 प्रशिक्षु हैं, जिनमें 44 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, मुख्य आरक्षी (मंत्रालयिक) बैच संख्या 72 के 8 प्रशिक्षुओं में 2 पुरुष और 6 महिलाएं हैं। इसके अलावा परिवीक्षाधीन सहायक उपनिरीक्षक (रेडियो तकनीशियन) बैच संख्या 02 के 2 पुरुष प्रशिक्षुओं ने भी प्रशिक्षण पूरा किया।
ये प्रशिक्षु दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से संबंधित हैं। उनकी शैक्षणिक और सामाजिक पृष्ठभूमि भी विविध रही है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों और व्यावहारिक गतिविधियों में दक्षता हासिल की।
समारोह में प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया। महिला मुख्य आरक्षी (मंत्रालयिक) प्रियंका और आरक्षी नरेश कुमार को अपने-अपने वर्ग में सर्वांगीण सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। दोनों ने अपने प्रशिक्षण वर्ग में बाह्य प्रशिक्षण में भी प्रथम स्थान हासिल किया। महिला आरक्षी मेघा सिंह ने आंतरिक प्रशिक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आरक्षी लोकेश ने कमांडो प्रशिक्षण में बाजी मारी। आरक्षी साहिल जगोत्रा को पुलिस प्रक्रिया में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राजबीर मलिक ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर सभी प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता और व्यावसायिक दक्षता का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को इन मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया कि वे सत्यनिष्ठा और कर्तव्य के प्रति समर्पण के उच्चतम मानकों को बनाए रखें तथा आम जनता के बीच विश्वास, सुरक्षा और न्याय की भावना मजबूत करने के लिए कार्य करें। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों और अकादमी के अधिकारियों के लिए भी यह अवसर उपलब्धि और गर्व का रहा।




