दिल्ली में प्रदूषण के नियमों की उड़ रही खुलेआम धज्जियां, ट्रैफिक पुलिस तैनात फिर भी दौड़ रहीं बैन गाड़ियां

नई दिल्ली। दिल्ली के लोगों को जहरीली हवा से बचाने के लिए सरकार ने भले ही डीजल की बीएस-4 गाड़ियों को बैन कर दिया है, लेकिन इसका असर सड़क पर नहीं दिख रहा है। दावा था कि ऐसी गाड़ियों पर लगाम लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस चालान करेगी, लेकिन यह दावा भी केवल कागजी ही साबित हो रहा है। धड़ल्ले से डीजल की बीएस 4 गाड़ियां सड़कों पर दौड़ रही हैं। मीडिया ने इसकी पड़ताल के लिए कई पेट्रोल पंपों का जायजा लिया तो यहां कई गाड़ियां ऐसी मिलीं, जिन्हें सड़क पर चलने की अनुमति नहीं है। हैरत की बात यह है कि जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी के बाद भी यह गाड़ियां चल रही हैं।
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक विडियो वायरल हुआ। जिसमें आरोप है कि जिस बस को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं है, वह बस खुलेआम चल रही है। इस बस को ट्रैफिक पुलिस ने रोका जरूर, लेकिन बिना चालान किए छोड़ दिया गया। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में ट्रैफिक पुलिस की विजिलेंस ब्रांच ने जांच भी शुरू कर दी है।



