समर स्पोर्ट्स कैंप बना प्रतिभाओं का केंद्र, थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बच्चों को खेलों के लिए किया प्रेरित

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। नगर परिषद बनगवां राजनगर द्वारा आयोजित समर स्पोर्ट्स कैंप इन दिनों क्षेत्र के बच्चों और युवाओं की छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने का प्रमुख मंच बनकर उभर रहा है। एक मई से प्रारंभ होकर 30 मई तक संचालित इस खेल प्रशिक्षण शिविर में नगर के सैकड़ों नन्हे खिलाड़ी उत्साह और ऊर्जा के साथ क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
शिविर में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता, फिटनेस और टीम भावना का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और उनमें अनुशासन व आत्मविश्वास का भी विकास हो रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को नगर के थाना प्रभारी सुमित कौशिक शिविर में पहुंचे। उनके आगमन से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के अत्यधिक उपयोग से बच्चों का समय नष्ट हो रहा है, ऐसे में खेल गतिविधियों से जुड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ और फिट रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी सहायक होते हैं और पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ाते हैं।
थाना प्रभारी ने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की सीख देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच से ही खिलाड़ी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को जीवन में खेलों को अपनाने और स्वस्थ दिनचर्या बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खेल पदाधिकारियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर हरीशंकर यादव (सह सचिव, वॉलीबॉल अनूपपुर), सुमिता शर्मा (सह सचिव, वॉलीबॉल अनूपपुर), अजय यादव (सीनियर खिलाड़ी), इकबाल (सीनियर खिलाड़ी एवं स्टेट रेफरी), अतुल यादव (मध्यप्रदेश स्टेट रेफरी), जितेंद्र कुमार पनिका सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। समर स्पोर्ट्स कैंप का यह आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।





