दिल्ली की खोया मंडी में बड़ी कार्रवाई, 6,700 किलो से अधिक संदिग्ध खोया जब्त कर नष्ट कराया

दिल्ली के मोरी गेट स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर 6700 किलो से अधिक अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया। सीएम रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया। अब तक अभियान में कुल 10660 किलो खोया नष्ट किया जा चुका है। 44 नमूनों में से 35 प्रारंभिक जांच में फेल पाए गए।

नई दिल्ली। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ दिल्ली सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी कर करीब 6,700 किलो से अधिक अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट करा दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारों को देखते हुए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खोया मंडी से अब तक 44 नमूने लिए गए। मोबाइल जांच वाहन ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के माध्यम से की गई प्रारंभिक जांच में 35 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा दो अन्य नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध खोये में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों की मिलावट के संकेत मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अंतिम प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। इसके बाद 3 नवंबर को 6,700 किलो से अधिक खोये पर कार्रवाई की गई। इस तरह विभाग अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट करा चुका है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिवाली और अन्य त्योहारों के दौरान लोगों की खुशियों में मिलावट के जरिए जहर घोलने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान लगातार जारी रखने और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किया गया खोया पड़ोसी राज्यों से दिल्ली लाया गया था और इसे यहां की मंडी में खपाने की तैयारी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button