ओवरलोडिंग का शिकार हुआ पिंडर नदी पर बना मोटर ब्रिज, दरारें आने से भारी वाहनों पर रोक

देहरादून,(एजेंसी)। उत्तराखंड में देवाल को जोड़ने वाली पिंडर नदी पर बना मोटरपुल हादसे को दावत दे रहा है। ओवरलोड वाहनों से पुल के बीच में दरारें आ गई हैं। मोटर पुल की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। जिसके बाद पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।
एसडीएम रविन्द्र जुवांठा ने कहा कि मोटर पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए बड़े वाहनों के आवागमन को पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिया गया है।
स्थानीय व्यापारियों ने मोटर पुल के मध्य भाग में दरारें आने की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। इसके बाद उप जिलाधिकारी थराली, लोक निर्माण विभाग थराली और पुलिस ने मौके पर जाकर सुरक्षा की दृष्टि से मोटर पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी। लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक मोटर पुल पर भार क्षमता से अधिक ओवरलोड डंपरों के आवागमन से मोटर पुल जर्जर हालत में पहुंचा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पहले भी कई बार मोटर पुल पर अनियंत्रित ओवरलोड डंपरों के आवागमन की शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके ओवरलोड वाहनों को नहीं रोका गया, जिसके चलते मोटर पुल के बीच में दरारें आ गई हैं। वहीं उप जिलाधिकारी थराली ने मोटर पुल के धंसने के पीछे क्या वजह रही, इसके लिए लोक निर्माण विभाग को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button