अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर, नियमित भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा

सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि ने कहा कि अग्निवीरों को 2 साल के एक्सटेंशन पीरियड में उन्हें ज्यादा मेहनताना मिलेगा और ज्यादा सेवा निधि भी मिलेगा। दो साल का कार्यकाल पाने वाले अग्निवीरों को प्रदर्शन के आकलन के आधार पर स्थायी पदों की पेशकश की जाएगी।

नई दिल्ली,एजेंसी। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार की ओर से बड़े बदलाव की घोषणा की गई है। सरकार ने अग्निवीरों को चार साल की निर्धारित सेवा अवधि के बाद दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर देने का फैसला किया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के बाद अग्निवीरों को योग्यता और निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर सशस्त्र बलों में नियमित सेवा का अवसर मिल सकेगा।

यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब अग्निवीरों का पहला बैच अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है। खबरों के मुताबिक, लगभग 18 हजार अग्निवीर आने वाले कुछ सप्ताह में अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले हैं।

सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। योजना के तहत अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार आकलन करने और समय-समय पर इसकी समीक्षा करने का प्रावधान किया गया था। पहले बैच के प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसी आधार पर अग्निवीरों के लिए सेवा जारी रखने के अतिरिक्त अवसर का रास्ता तैयार किया गया है।

घोषित व्यवस्था के अनुसार, प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा। शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा कार्यकाल देने का प्रस्ताव है। इस अवधि के बाद नियमित सेवा में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। अंतिम चयन संबंधित मानकों और योग्यता के आधार पर किया जाएगा।

अग्निपथ योजना के तहत अब तक अग्निवीरों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की जाती रही है। इसमें 25 प्रतिशत तक अग्निवीरों को नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान था, जबकि शेष को सेवा पूरी होने के बाद नागरिक जीवन में लौटना होता था। नई घोषणा से उन अग्निवीरों को अतिरिक्त अवसर मिलने की उम्मीद है, जो सशस्त्र बलों में आगे भी सेवा जारी रखना चाहते हैं। हालांकि, नियमित भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया और पात्रता के मानक महत्वपूर्ण होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button