नंद नगरी में अवैध हथियार और कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, एक के खिलाफ सात और दूसरे पर तीन मामले दर्ज
नंद नगरी थाना पुलिस ने सुंदर नगरी के पेली मिट्टी पार्क से दो युवकों अर्जुन (28) और हरिओम उर्फ सागर (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अर्जुन के पास से एक देशी तमंचा और हरिओम के कब्जे से एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

अभय गंगवार/समाचार संपादक
उत्तर पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस रखने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्ध लूटपाट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन (28) पुत्र ओम प्रकाश और हरिओम उर्फ सागर (26) पुत्र उमेश के रूप में हुई है। दोनों नंद नगरी के बी-ब्लॉक के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 की रात करीब 11:25 बजे कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल शिव कुमार गश्त के दौरान नंद नगरी स्थित डीसी कार्यालय के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक मुखबिर से हुई। मुखबिर ने सूचना दी कि सुंदर नगरी के पेली मिट्टी पार्क में दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं, जिनके पास अवैध हथियार और कारतूस हो सकते हैं। सूचना में यह भी आशंका जताई गई कि दोनों लूट और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान अर्जुन के कब्जे से एक देशी तमंचा, जबकि हरिओम उर्फ सागर के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद नंद नगरी थाने में 4 नवंबर 2026 को प्राथमिकी संख्या 641/26 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25/54/59 में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में अर्जुन के खिलाफ पहले से रात्रि में सेंधमारी, चोरी और आयुध अधिनियम से संबंधित सात मामले दर्ज पाए गए हैं। वहीं, हरिओम उर्फ सागर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि गश्त कर रहे जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ पकड़ा जा सका। मामले में आगे की जांच जारी है।




