गुरुग्राम में गैंगस्टर कौशल चौधरी की अवैध प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर, करोड़ों की अवैध संपत्ति ध्वस्त
![]()
गुरुग्राम पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की करोड़ों की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 1500 वर्ग गज से अधिक जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था।
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उसकी करोड़ों की अवैध संपत्ति पर बुधवार दोपहर बुलडोजर चलाया गया। पुलिस और डीटीपी टीम ने गैंगस्टर की अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त करा दिया। पुलिस के अनुसार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की करीब 1500 वर्ग गज से ज्यादा की जमीन पर अपराधी की तरफ से अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। कौशल गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा का रहने वाला है। उस पर हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती के करीब 37 मामले दर्ज हैं। उसे कई साल पहले गुरुग्राम पुलिस ने पकड़ा था। तभी से ही वह जेल में है।
बीते दिनों क्राइम ब्रांच की टीम ने गहन जांच के बाद पाया कि नाहरपुर रूपा में अवैध तरीके से अपराध द्वारा संपत्ति बनाई गई है। यहां से अवैध गतिविधियों को भी अंजाम दिया जाता है। इसे अवैध निर्माण मानते हुए कार्रवाई का फैसला लिया गया है।
बुधवार दोपहर कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ और पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। दूसरी ओर बुधवार दोपहर बाद झाड़सा में अपराधी गजेपाल की भी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया।
-1776250376150.jpg)




