दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नकली आरओ फिल्टर बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पुल प्रह्लादपुर में छापा मारकर नकली आरओ फिल्टर बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 2,932 नकली फिल्टर और पैकेजिंग सामग्री बरामद कर फैक्ट्री मालिक मोहम्मद तबरेज को गिरफ्तार किया।

नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच ने छापा मारकर नामी कंपनियों के नकली आरओ फिल्टर बनाने और बेचने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जहां से 2,932 नकली आरओ फिल्टर बरामद किए है। मालिक मोहम्मद तबरेज को गिरफ्तार किया, जो नामी ब्रांड केंट, एक्वॉगार्ड और हैवेल्स का इस्तेमाल कर रहा था। डीसीपी (क्राइम) संजीव कुमार यादव के मुताबिक, एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (एआरएससी) को पुल प्रह्लादपुर स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में नकली आरओ फिल्टर और उनसे जुड़े सामान को स्टोर करने और बाजार में बेचने की सूचना 27 मई को मिली थी।
एसीपी संजय कुमार नागपाल की देखरेख में इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी की टीम ने छापेमारी की। यहां मालिक मोहम्मद तबरेज मौजूद मिला। तलाशी में नकली आरओ फिल्टर, मेम्ब्रेन, फिल्टर कैप, पैकेजिंग का सामान और ब्रांडिंग के अलावा पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी रिकवर हुईं। नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद बरामद प्रोडक्ट्स को नकली और कॉपीराइट का उल्लंघन करने वाला करार दिया।
आरोपी तबरेज बिहार के नालंदा जिले से है, जो 2011 में दिल्ली आया था। शुरुआती दिनों में वह बैटरी से संबंधित काम करता था, जिसने बाद में आरओ सर्विसिंग का काम सीखा। अब करीब 8-9 महीने पहले किराए पर यह फैक्ट्री/गोदाम शुरू किया था। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली फिल्टर बनाने के अलावा स्टोर, सप्लाई और बेचने में और कौन-कौन शामिल थे।




