कानपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने वाला फर्जी दारोगा गिरफ्तार
बर्खास्त साथी के साथ मिलकर कर रहा था ठगी

कानपुर/उत्तर प्रदेश। पुलिस की वर्दी पहनकर अपने बर्खास्त साथी और उसके दोस्त के साथ मिलकर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपित को अनवरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दोनों साथी फरार हैं। पुलिस कोर्स के पास से कार,नकली पिस्टल,कारतूस, आइकार्ड और वर्दी बरामद हुई है। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अनवरगंज पुलिस ने कालपी रोड स्थित कूड़ाघर के पास से अनवरगंज के पास से उन्नाव के दोस्ती नगर निवासी संजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित दारोगा की वर्दी पहने था जबकि वह पुलिसकर्मी नहीं है।
डीसीपी ने बताया कि उसके पास से पुलिस की फर्जी आइडी कार्ड व सीबीआइ का फर्जी आइडी कार्ड मिला है। आरोपित अपने साथी दुर्गेश कुमार सविता जो कि वर्तमान में नौकरी से बर्खास्त चल रहा है व उसके साथी विजय सिंह चौहान के साथ मिलकर लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करते हैं। आरोपित और उसके साथी लखनऊ में निजी स्कूल व होटल किराए पर लेकर फर्जी ढंग से लोगों की परीक्षा व इंटरव्यू करवाते हैं और ठगने के बाद लोगों से रिजल्ट आने में देरी का हवाला देकर टरका देते हैं। इसके बाद जब पीड़ित अपना रुपया वापस मांगता है तो उसे पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर धमकाते हैं।
संजय कुमार के पास से असली जैसी दिखने वाली लाइटर वाली पिस्टल,दारोगा की वर्दी,दो मोबाइल फोन,पुलिस की फर्जी आइडी कार्ड व सीबीआइ का फर्जी आइडी कार्ड,कार और सफेद व पीली धातु की अंगूठियां बरामद की हैं। आरोपित के पास से एक कार भी बरामद हुई है जिसमें उसने लखनऊ के आयकर विभाग के संयुक्त आयुक्त की कार की नंबर प्लेट लगा रखी थी। डीसीपी ने बताया कि फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।





