तू थाने पर कलंक है, मुझे अपनी शक्ल मत दिखाना, आगरा के थानेदार ने दारोगा को सबके सामने हड़काया

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा के थानेदार बे लगाम हो रहे हैं। वे अपने अधिनस्थों को गालियां बक रहे हैं। स्टाफ के सामने बेइज्जत कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला आगरा के थाना डौकी में देखा गया है। इसमें एक दारोगा ने अपने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दारोगा ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर कहा है कि उसके थाना प्रभारी सबके सामने उसे बेइज्जत करते हैं, उसे गालियां देते हैं, उसे थाने पर कलंक बताते हैं। ये सब इसलिए करते हैं कि उसने एक झूठे केस में एफआर लगा दी थी, जो थाना प्रभारी के मन मुताबिक नहीं हुआ था। वीडियो पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया है। एसीपी फतेहाबाद अमरदीप का कहना है कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।
थाना डौकी में तैनात दरोगा पुनीत कुमार ने बताया कि 2 महीने पूर्व थानाध्यक्ष अनुराग कुमार सिंह ने मुकदमा संख्या 39/24 की विवेचना दी थी। इसमें 354 ख, 323, 504 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज था। उन्होंने केस की विवेचना की। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। घटना सत्य पाई गई। इस मामले में उसने एफआर लगा दी। आरोप है कि इसके बाद थाना प्रभारी उस पर चार्जशीट लगाने का दवाब बनाया गया, उसे थाने में आने से रोक लगा दी गई है। सबके सामने बेइज्जत किया गया और गालियां दी गईं, उसे थाने का कलंक बताकर फटकारा गया है।
दरोगा पुनीत कुमार का आरोप है कि थाना प्रभारी ने दूसरे पक्ष से लाभ लेकर आरोपितों को फंसाना चाहते हैं। एफआर लगाने के बाद थाना प्रभारी उनसे खुन्नस मान रहे हैं। सहकर्मियों के सामने सार्वजनिक स्थल पर फटकार लगाते हैं, उसे थाने आने से रोकते हैं। थाना प्रभारी इस कार्यशैली से वह मानसिक परेशानी महसूस कर रहा है। वह इतना परेशान हो गया है कि जान देने का विचार कर रहा है। इस संबंध में उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। हालांकि अपना एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल भी किया है, जिसका संज्ञान लेकर एसीपी फतेहाबाद अमरदीप जांच कर रहे हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी अनुराग सिंह का कहना है कि दारोगा हलका प्रभारी हैं। आगरा में रहते हैं, जो डॉक्यूमेंट अपने साथ ले जाते हैं। उन्हें वापस नहीं करते हैं। चुनाव के दौरान भी इन्होंने ड्यूटी नहीं की थी। कोई काम ठीक से नहीं करते हैं, जो आरोप लगा रहे हैं वो सब बे बुनियाद हैं।




