ये अंग्रेजों के जमाने की कार है! 97 साल पुरानी विंटेज कार का हुआ री-रजिस्ट्रेशन

मेरठ/उत्तर प्रदेश। देश की आजादी से पहले सड़कों पर फर्राटा भरने वाली 1928 मॉडल की एक विंटेज कार आज भी यूपी के मेरठ में उसी रुतबे और रॉयल अंदाज के साथ मौजूद है। करीब 97 साल पुरानी इस ऐतिहासिक कार का मेरठ संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में री-रजिस्ट्रेशन कराया गया है। यह कार जैसे ही मेरठ आरटीओ परिसर में पहुंची, उसे देखने के लिए अधिकारियों से लेकर आम लोगों तक की भीड़ जुट गई। कुछ लोग जहां इस दुर्लभ धरोहर के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए, तो वहीं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने भी खुद कार की सवारी का आनंद उठाया।
इस विंटेज कार को प्रभानगर निवासी बिजनेसमैन सुल्तान सिंह जैन ने करीब 97 साल पहले खरीदा था। उस दौर में यह कार रईसी, शान और तकनीकी तरक्की की पहचान मानी जाती थी। साल 1985 में सुल्तान सिंह जैन ने यह कार अपने पौत्र शशांक जैन के नाम कर दी। मीडिया से हुई बातचीत में शशांक जैन ने बताया कि उनके दादा को विंटेज कारों का खास शौक था और वे इस कार को अपने परिवार की विरासत मानते थे। समय के साथ परिवार की तीन पीढ़ियों इसमें सवारी कर चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि दादा के बाद उनके पिता मुल्तान सिंह जैन ने भी इस कार का इस्तेमाल किया। परिवार के सभी सदस्यों ने कभी न कभी इस ऐतिहासिक कार में सफर किया है। शादी, पारिवारिक कार्यक्रम और खास मौकों पर यह कार परिवार की शान बढ़ाती रही है। भले ही अब यह कार रोजमर्रा की सवारी नहीं रही, लेकिन आज भी इसे बेहद सम्मान और गर्व के साथ संजोकर रखा गया है।
कार के रखरखाव के लिए अलग से कर्मचारी
परिवहन विभाग के अधिकारी खुद इस बात से हैरान हैं कि 97 साल पुरानी होने के बावजूद कार पूरी तरह फिट और चालू हालत में है। शशांक जैन ने बताया कि इसके रखरखाव के लिए परिवार ने अलग से एक कर्मचारी नियुक्त कर रखा है, जो नियमित रूप से इसकी देखभाल करता है। फिलहाल इस कार को आम सड़कों पर नहीं चलाया जाता, केवल खास मौकों पर शान की सवारी के तौर पर ही बाहर निकाला जाता है।
शशांक जैन ने बताया कि विंटेज कार का हर पांच साल में री-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होता है। इस प्रक्रिया के तहत आरटीओ में कार की फिटनेस जांच की गई। वहीं, RI विंध्याचल गुप्ता ने बताया कि कार की हालत देखकर अंदाजा ही नहीं लगता कि यह करीब एक सदी पुरानी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मेरठ जिले में इस समय सिर्फ दो ही विंटेज कारें रजिस्टर्ड हैं।




