कार्तिगई दीपम विवाद में घिरे मदुरै कलेक्टर, सुप्रीम कोर्ट में मांगी माफी
तमिलनाडु कार्तिक दीपम विवाद शांत होता नहीं दिख रहा है। थलपति विजय की अगुवाई वाली टीवीके सरकार पर सुप्रीम कोर्ट की अवमानना का आरोप लगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन की जिम्मेदारी कलेक्टर और पुलिस की थी। ऐसे में मुदरै के कलेक्टर निशांत कृष्णा सुर्खियों में आ गए हैं।

चेन्नई,एजेंसी। तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर उठा विवाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार के लिए चुनौती बनता जा रहा है। इस मामले में मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा भी चर्चा के केंद्र में हैं। तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी स्थित दीपाथून स्तंभ पर पारंपरिक रूप से दीप जलाने के आदेश के अनुपालन को लेकर उठे विवाद के बीच कलेक्टर की ओर से सुप्रीम कोर्ट में स्थिति रिपोर्ट दाखिल की गई है। इसमें आदेश के पालन के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए दीपाथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जा पाने पर खेद जताया गया है।
बुधवार को कलेक्टर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए और स्थिति रिपोर्ट दाखिल की। रिपोर्ट में बताया गया कि अदालत के आदेश को लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए थे। इसके लिए बैठकें आयोजित की गईं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी किए गए, लेकिन मंदिर प्रशासन की ओर से दीप जलाने वाले लोगों के नाम उपलब्ध नहीं कराए गए। इसी वजह से दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित नहीं हो सका। कलेक्टर ने इस स्थिति पर माफी भी मांगी है।
इससे पहले 24 नवंबर को मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश हुए थे। दूसरी ओर, हिंदू याचिकाकर्ताओं ने राज्य सरकार पर जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बचने का आरोप लगाया है। विवाद के बीच प्रशासन ने उच्ची पिल्लयार मंदिर के निकट पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने की व्यवस्था की। इस घटनाक्रम ने राज्य सरकार और प्रशासन की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है।
मामले में चर्चा का विषय बने निशांत कृष्णा तमिलनाडु कैडर के 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से झारखंड के चतरा निवासी निशांत ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में चौथे प्रयास में सफलता हासिल करते हुए 330वीं रैंक प्राप्त की थी। टीवीके सरकार के गठन के बाद जून 2026 में उन्हें मदुरै का जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह शिवगंगा जिले के कलेक्टर और नागरकोइल नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
निशांत कृष्णा के पिता कृष्ण कुमार जायसवाल भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जबकि उनकी मां का नाम रेखा जायसवाल है। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा चतरा के नाजरेथ विद्या निकेतन स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद रांची स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की।
राजनीतिक हलकों में इस पूरे घटनाक्रम को मुख्यमंत्री विजय की अगुवाई वाली टीवीके सरकार के रुख से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि सरकार दीपाथून स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के पक्ष में नहीं थी और मदुरै प्रशासन ने उसी अनुरूप व्यवस्था की। हालांकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा इंतजामों के जरिए किसी अप्रिय घटना को रोकने का दावा किया गया है। 24 नवंबर का दिन किसी बड़ी अप्रिय घटना के बिना गुजर गया, लेकिन दीप प्रज्ज्वलन को लेकर उठा विवाद अब भी सरकार और प्रशासन के लिए राजनीतिक तथा कानूनी चुनौती बना हुआ है।




