प्रीत विहार के कैफे में युवती से गैंगरेप का आरोप, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो महिलाओं और एक युवक को गिरफ्तार किया है।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
पूर्वी दिल्ली। प्रीत विहार इलाके के एक कैफे में पार्टी के दौरान 22 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित कैफे को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता सोमवार रात करीब एक बजे अपने छह सहकर्मियों के साथ प्रीत विहार स्थित सल्तनत कैफे में पार्टी करने पहुंची थी। समूह में युवती के अलावा दो अन्य महिलाएं और चार युवक शामिल थे। आरोप है कि पार्टी के दौरान सभी ने शराब पी। इसके बाद सुबह करीब साढ़े तीन बजे सभी कैफे से निकले। युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य लोगों ने आरोपियों का साथ दिया।
जांच में सामने आया कि कैफे सोमवार रात करीब 11 बजे ही बंद हो गया था। आरोप है कि वारदात में शामिल एक युवक कैफे के कर्मचारी को पहले से जानता था और उसी से चाबी लेकर उसने वहां पार्टी आयोजित की थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रीत विहार थाने में सामूहिक दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस से तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने निष्पक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



