न्यू उस्मानपुर पुलिस ने दो झपटमारों को किया गिरफ्तार, छीना गया मोबाइल और 500 रुपये बरामद
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने झपटमारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया वीवो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने झपटमारी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान रोहित (24) और पंकज (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया वीवो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी गाजियाबाद के भोपुरा स्थित गगन विहार के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:45 बजे शिकायतकर्ता जोगेंद्र हंसराज डेयरी के पास एक किराना दुकान से सामान खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान रोहित अपने साथी पंकज के साथ वहां आया। आरोप है कि दोनों ने जोगेंद्र का वीवो मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद छीन लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने पर न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक उदित, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र और हेड कांस्टेबल अनिल की विशेष टीम बनाई गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश के नेतृत्व और सहायक पुलिस आयुक्त सुशील कुमार की निगरानी में टीम ने तकनीकी सुराग और खुफिया जानकारी जुटाकर दोनों आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से शिकायतकर्ता का वीवो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार, रोहित के खिलाफ पहले से लूट और झपटमारी के चार मामले दर्ज हैं, जबकि पंकज का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। बरामद एक हजार रुपये में से शेष 500 रुपये की बरामदगी नहीं हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।




