ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में पत्रकार निशांत भेजे गए जेल, न्यूज़ वन इंडिया चैनल ने किया किनारा
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और कथित अवैध वसूली के आरोप में समाचार चैनल न्यूज़ वन इंडिया से जुड़े पत्रकार निशांत भारद्वाज को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोप है कि हरौला बाजार में शराब की दुकान पर अधिक कीमत पर बिक्री का वीडियो हटाने के बदले 30 हजार रुपये और बाद में हर महीने 15 हजार रुपये की मांग की गई थी।

नोएडा। गौतमबुद्धनगर में पत्रकारिता की आड़ में कथित ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने समाचार चैनल न्यूज़ वन इंडिया से जुड़े पत्रकार निशांत भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि वह नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों को धमकाकर वसूली करता था।
पुलिस के अनुसार, सूफी समूह के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी हरौला बाजार में शराब की दुकान है। आरोप है कि 20 सितंबर 2025 को दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने का वीडियो बनाया गया था। वीडियो हटाने के बदले पहले 30 हजार रुपये मांगे गए। इसके बाद 29 सितंबर को वीडियो सामाजिक माध्यम एक्स पर प्रसारित कर दिया गया। आरोप है कि बाद में वीडियो हटाने के लिए दोबारा 30 हजार रुपये और हर महीने 15 हजार रुपये देने का दबाव बनाया गया। कोतवाली फेस-एक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस उपायुक्त अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
मामले के सामने आने के बाद समाचार चैनल न्यूज़ वन इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी कर संबंधित पत्रकार से संस्थान को अलग कर लिया है। चैनल के मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पुलिस से जानकारी मिलने के बाद संबंधित पत्रकार की समाचार संकलन सेवाएं और संस्थान का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति निलंबित कर दी गई थी। संस्थान ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जबरन वसूली अथवा पत्रकारिता की आड़ में अनुचित कार्यों का समर्थन नहीं करता।
चैनल ने समाचार संस्थानों, सामाजिक माध्यमों के उपयोगकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि संबंधित व्यक्ति के व्यक्तिगत आपराधिक मामले को संस्थान से जोड़कर प्रस्तुत न किया जाए। साथ ही संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही है।
इस मामले में आरोपी के नाम को लेकर भी अंतर सामने आया है। पुलिस और शुरुआती खबरों में उसका नाम निशांत भारद्वाज बताया गया है, जबकि चैनल के आधिकारिक बयान में निशांत शर्मा लिखा गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह पहले गौतमबुद्धनगर में जिला ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत था और बाद में उसे उत्तर प्रदेश स्तर पर विशेष संवाददाता की जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल ताजा मामले पर आरोपी या उसके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




