गाजियाबाद में ठंड में उम्मीद बने रैन बसेरे, परीक्षा देने आ रहे छात्रों को इन जगहों पर मिल जाएगा सुरक्षित ठिकाना

गाजियाबाद। कड़ाके की ठंड के बीच दूर-दराज से गाजियाबाद पहुंचे छात्र-छात्राओं के लिए नगर निगम के रैन बसेरे बड़ी राहत बनकर सामने आए। ईएमआरएस, टीचिंग और एसएससी परीक्षाओं में शामिल होने आए विद्यार्थियों ने यहां सुरक्षित ठहराव के साथ-साथ शांत माहौल में परीक्षा की तैयारी की और व्यवस्थाओं की खुले दिल से प्रशंसा की।
मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, बिजनौर सहित कई जिलों से गाजियाबाद आए छात्रों की परीक्षा एमएमएच कॉलेज, वसुंधरा सेक्टर-13 और महानगर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर आयोजित थी। शनिवार देर रात यहां पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के पास बने नगर निगम के आश्रम स्थल मददगार साबित हुए। छात्रों ने यहां रैन बसेरों में रुककर रात में पढ़ाई की और सुबह समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे।
आश्रय स्थलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विद्यार्थियों ने संतोष जताया। रात के समय जोनल प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया गया। पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छ शौचालय, स्नान घर और शांत वातावरण के चलते छात्रों को पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। विद्यार्थियों ने अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद भी दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम द्वारा 15 स्थाई और सात अस्थाई रैन बसेरों को पूरी तरह व्यवस्थित किया गया है। सभी आश्रय स्थलों पर गर्म बिस्तर, बेड, पेयजल, अलाव और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था की गई है। बढ़ती ठंड में ये रैन बसेरे निराश्रितों के साथ-साथ यात्री और परीक्षार्थियों के लिए भी भरोसेमंद ठिकाना बनते जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button