दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर यात्रियों के साथ ठगी

नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों से खुद को कस्टम अधिकारी बता बैगेज चेकिंग के बहाने ठगी करने वाले चार ठगों को आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से सऊदी से आए यात्री से ठगे गए दो मोबाइल, पासपोर्ट बरामद हुए हैं। वहीं गिरफ्तार ठगों की पहचान जैतपुर निवासी रियाज अहमद, पानीपत निवासी कमरुद्दीन, उत्तराखंड निवासी कसमुद्दीन और बदरपुर निवासी रहमान अली के तौर पर हुई है।
डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि 3 अप्रैल को आईजीआई एयरपोर्ट पर एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाले ने बताया कि सामान जांच करने के बहाने कुछ लोग दो मोबाइल, पासपोर्ट और 1800 रियाद ठग कर फरार हो गए। पीड़ित रियासत अली ने बताया कि वह उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के रहने वाले हैं। वह सऊदी अरब से आए थे। टी-3 के बाहर आते ही ठगों ने उनका नाम लेकर पुकारा। खुद को कस्टम का अधिकारी बताया। फिर मल्टी लेवल कार पार्किंग में ले गए। वहां उनके सामान में अवैध सोना होने की बात कह ठगी कर फरार हो गए। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जिसमें आरोपियों द्वारा बुक की गई टैक्सी दिखाई पड़ी। टैक्सी ड्राइवर से पूछताछ की गई तो पता चला कि आरोपियों ने यूपीआई के माध्यम से पैसे दिए थे। वह रियाज अहमद के नाम से था। उसके बाद रियाज को जैतपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
उसकी निशानदेही पर उसने अन्य तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि कसमुद्दीन मास्टरमाइंड है। रहमान अली उसके नाई की दुकान पर काम करता था। तब चारों ने मिलकर एयरपोर्ट आने वाले लोगों से कस्टम अधिकारी बन ठगी करने लगे। फिलहाल उनसे पूछताछ कर यह पता किया जा रहा है कि अबतक कितने लोगों से ऐसे ठगी कर चुके हैं।




