गाजियाबाद में पुलिस ने रोकी कलश यात्रा, लोनी में भारी हंगामा
Police stopped Kalash Yatra in Ghaziabad, huge ruckus in Loni

लोनी/गाजियाबाद। राम कथा से पहले बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे बगैर अनुमति के निकाली जा रही कलश यात्रा को रोके जाने पर पुलिस और भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के समर्थकों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। संगम विहार इलाके में करीब 20 मिनट तक भारी हंगामा चला, जिसके बाद विधायक ने कहा कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की है। इस दौरान उनके कपड़े फट गए हैं। वह चुप नहीं बैठेंगे। विधायक का कुर्ता फटा देख उनके समर्थक भड़क गए। सभी ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। इस पर आसपास के थानों की पुलिस भी बुला ली गई, लेकिन बवाल बढ़ता देख पुलिस अफसरों ने अपना रुख नरम कर लिया। यात्रा के रास्ते में खड़ी पुलिस हट गई।
पुलिस का इशारा मिलते ही कलश यात्रा आगे बढ़ी और कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में 500 महिला-पुरुष शामिल थे। कलश यात्रा लोनी दो नंबर बिजली घर के पास से शुरू हुई थी। संगम विहार और राजीव गार्डन काॅलोनी होते हुए वापस बिजली घर के पास पहुंची। यहीं पर कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो कलश यात्रा के बाद शुरू हुई। यह 28 मार्च तक चलेगी। विधायक नंद किशोर गुर्जर का कहना है कि पुलिस ने यात्रा में शामिल लोगों को पीटा। महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। उनके बेटे नागेश को बुरी तरह पीटा। उसके दोनों पैर टूट गए हैं। 28 मार्च तक कथा में फटा कुर्ता पहनकर ही जाएंगे और जमीन पर ही सोएंगे। अगर इस बीच पुलिस अफसरों पर कार्रवाई नहीं की गई तो 28 के बाद अन्न जल गृहण नहीं करेंगे। मुख्य सचिव के दफ्तर के बाहर प्राण त्याग देंगे।
उन्होंने पुलिस अफसरों पर उगाही कराने समेत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सीएम के कहने पर चुप थे लेकिन अब पानी सिर से ऊपर चला गया है। अब या तो वह रहेंगे या फिर अफसर। यात्रा की अनुमति के बारे में उन्होंने कहा कि एसडीएम को पत्र लिखा था। कलश यात्रा के लिए अनुमति बहुत जरूरी नहीं होती है। पहले भी कभी नहीं ली गई।
एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि नंद किशोर गुर्जर के बेटे हितेश गुर्जर की ओर से गैर परंपरागत जुलूस निकाले जाने की जानकारी मिली थी। लोनी बाॅर्डर के थाना प्रभारी हरेंद्र मलिक ने हितेश को दो बार और उनके समर्थक को एक बार काॅल की लेकिन बात नहीं हो सकी। विधायक नंद किशोर गुर्जर से बात करके जुलूस नहीं निकालने के लिए कहा गया। यात्रा के दौरान विधायक से अनुमति दिखाने के लिए कहा। वह कोई अनुमति नहीं दिखा पाए। इसके जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। उधर, थाना प्रभारी ने कहा कि उनके साथ अभद्रता की गई है।




