रोडरेज के बाद पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर मोबाइल लूटा, छह घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने सराय काले खां फ्लाईओवर के पास अस्पतालकर्मियों पर हमला कर मोबाइल लूटने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदले और कार की नंबर प्लेट भी बदल दी थी।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
दक्षिणी दिल्ली। सराय काले खां फ्लाईओवर के पास मामूली सड़क हादसे के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बाइक सवार पिता-पुत्र पर बेसबॉल बैट, हथौड़े और डंडे से हमला कर मोबाइल लूटने के आरोप में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार, लूटा गया मोबाइल और हुंडई क्रेटा कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के करीब छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके से दबोच लिया गया।
घायलों की पहचान गाजियाबाद निवासी विक्रम और उनके बेटे अरुण के रूप में हुई है। दोनों सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन में संविदा पर कार्यरत हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद निवासी अभिषेक और नोएडा निवासी अरमान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद विक्रम और अरुण अपाचे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सराय काले खां फ्लाईओवर के पास उनकी बाइक की सफेद हुंडई क्रेटा कार से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कार से उतरे अभिषेक और अरमान ने पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और बेसबॉल बैट तथा हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों पर उनका मोबाइल फोन लूटने का भी आरोप है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। क्रेटा कार के पंजीकरण नंबर और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने करीब छह घंटे के भीतर दोनों को खजूरी खास इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट बदल दी थी और उसके सामने के शीशे पर ‘एमएलए’ का स्टीकर लगा लिया था। वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में दक्षिण दिल्ली, हरियाणा के तिगांव और बाहरी दिल्ली के नरेला समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार अभिषेक ने किराये पर ली थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक हथौड़ा, बेसबॉल बैट, लकड़ी का डंडा, लूटा गया मोबाइल फोन और हुंडई क्रेटा कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, अरमान नोएडा के एक कॉलेज में विधि की पढ़ाई कर रहा है और चौथे वर्ष का छात्र है। इसके साथ वह ऑनलाइन रिटेल का काम भी करता है। वहीं अभिषेक बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहा है और निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अभिषेक के खिलाफ पहले किसी आपराधिक मामले की जानकारी नहीं मिली है।
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और लूट समेत संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात के पूरे घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




