भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में तमिलनाडु, पंजाब और तुर्किये ने जीते गोल्ड अवॉर्ड, दिल्ली को मिला प्रशंसा पत्र

45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्यों, मंत्रालयों और कंपनियों को सम्मानित किया गया। तमिलनाडु, पंजाब, एमएसएमई मंत्रालय, पीएनबी और तुर्किये ने गोल्ड अवार्ड जीते, जबकि दिल्ली को भीड़ प्रबंधन में सहयोग के लिए प्रशंसा पत्र मिला।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों, मंत्रालयों, सरकारी संस्थानों, विदेशी मंडपों और निजी कंपनियों को सम्मानित किया गया। भारत मंडपम में आयोजित पुरस्कार समारोह में तमिलनाडु, पंजाब, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, पंजाब नेशनल बैंक और तुर्किये ने अपनी-अपनी श्रेणियों में गोल्ड अवॉर्ड हासिल किया। वहीं, मेले के सफल आयोजन, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में सहयोग के लिए दिल्ली को प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) की ओर से आयोजित समारोह में सभी पुरस्कार आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने प्रदान किए। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में तमिलनाडु को गोल्ड, केरल को सिल्वर और मध्य प्रदेश को ब्रांज अवॉर्ड मिला। थीम आधारित प्रस्तुति में पंजाब ने गोल्ड, ओडिशा ने सिल्वर और कर्नाटक ने ब्रांज पुरस्कार हासिल किया। मंत्रालयों की श्रेणी में एमएसएमई मंत्रालय को गोल्ड, रेल मंत्रालय को सिल्वर और कपड़ा मंत्रालय को ब्रांज अवॉर्ड दिया गया।

सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में पंजाब नेशनल बैंक को गोल्ड, भारतीय स्टेट बैंक को सिल्वर तथा गुजरात स्टेट हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को ब्रांज पुरस्कार मिला। विदेशी मंडपों में तुर्किये ने गोल्ड, ट्यूनीशिया ने सिल्वर और ईरान ने ब्रांज अवॉर्ड हासिल किया। खाद्य स्टाल श्रेणी में राजस्थान को गोल्ड, जबकि कमोडिटी बोर्ड और सार्वजनिक संचार एवं आउटरीच श्रेणी में क्रमशः कायर बोर्ड और आयुष मंत्रालय को गोल्ड पुरस्कार प्रदान किया गया।

इधर, 14 दिवसीय व्यापार मेला शुक्रवार को समाप्त होगा। गुरुवार को लगभग 86 हजार दर्शक भारत मंडपम पहुंचे। मेले के सभी हॉल और मंडपों में अच्छी भीड़ रही। अंतिम दिनों में विभिन्न स्टालों पर छूट मिलने से खरीदारी को भी बढ़ावा मिला।

इस बीच खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष मनोज गोयल ने खादी इंडिया पवेलियन का दौरा कर कारीगरों, महिला उद्यमियों और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि खादी को केवल वस्त्र तक सीमित न रखकर रोजगार, उद्यमिता और ग्रामीण विकास का माध्यम बनाना जरूरी है। कारीगरों और छोटे उद्यमियों का हुनर आत्मनिर्भर भारत की असली ताकत है। आयोग का प्रयास है कि खादी उत्पादों को बेहतर बाजार और व्यापक पहचान मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button