पूर्वी जिला में नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिला के प्रीत विहार थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय ड्रग सप्लाई चेन का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाइजीरियाई और एक केन्याई नागरिक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 ग्राम एमडीएमए, 61 ग्राम गांजा, ₹1,37,600 नकद राशि तथा दो होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किए हैं। यह नकदी ड्रग तस्करी से अर्जित होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी और इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्यूबा कैफे के पास छापेमारी कर 19 वर्षीय आरोपी आफताब को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एमडीएमए बरामद हुआ।
पूछताछ में उसने यह नशीला पदार्थ नाइजीरियाई नागरिक लकी से खरीदने की बात कबूल की, जिसके बाद पुलिस ने लकी को भी गिरफ्तार कर उसके पास से अतिरिक्त एमडीएमए बरामद किया। आगे की जांच में पुलिस टीम लकी के ठिकाने पर पहुंची, जहां उसके सहयोगी केन्याई नागरिक अबोंगो केनेडी ओडायो को भी गिरफ्तार किया गया और वहां से गांजा तथा नकदी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े दोनों स्कूटर भी जब्त कर लिए हैं और उनके उपयोग की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रीत विहार थाना पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित नशीले पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस अब इस गिरोह के स्रोत, नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।




