फतेहपुर में दो घरों से जेवरात व नगदी समेत लाखों की चोरी
एक माह में हुईं आधा दर्जन से अधिक वारदातें

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरी की घटनाएं सिलसिलेवार तरीके से निरंतर जारी हैं। वहीं, क्षेत्रीय लोग अपनी रातें दहशत में बीता रहे हैं। स्थानीय पुलिस के घटनाओं के खुलासे में विफलता के कारण चोर पुलिसिया खौफ को दरकिनार कर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
मंगलवार/बुधवार की रात क्षेत्र के कपरियाऊसर गांव में चोरों ने दो घरों में धावा बोला और नगदी, जेवरात, मोबाइल समेत लाखों का माल चोरी करके ले गए। कपरियाऊसर निवासी अमर निषाद पुत्र रामखेलावन निषाद अपनी पत्नी मिथलेश के साथ घर पर भैंस के बीमार होने के कारण घर के बरामदे में सो रहे थे और घर के दरवाजे पर ताला भी नहीं लगाया था।
तभी देर रात चोर कुंडी खोलकर अंदर घुसे और अंदर के कमरे में रखी बक्सा खोलकर दो मंगलसूत्र सोने के, दो जोड़ी कान के बाले सोने के, एक जोड़ी कान के झाला सोने के, चार तोड़िया चांदी की, चार चांदी के चूड़ा समेत एक भैंस की बेंच के रखे 27 हजार रुपये नगद व घर के आंगन में टंगी हुई उनकी जैकेट से 600 रुपये भी उठा ले गए।
सुबह जागने पर दंपती को घटना की जानकारी हुई, जिसकी सूचना उन्होंने स्थानीय पुलिस व पीआरवी 112 को दी। वहीं, दूसरी घटना में गांव के ही कमलू पुत्र रंगीलाल के घर में उनकी पत्नी ज्ञानवती व बेटी साधना घर के बाहर बने एक कमरे में सो रही थी, तभी चोर घर के अंदर घुसे और अंदर के कमरे में रखी बक्से से दो नाक की कील सोने की, 5000 रुपये व चार्जिंग में लगा सैमसंग का स्मार्टफोन उड़ा ले गए। कमलू के घर में भी ताला नहीं लगा था, केवल दरवाजे की कुंडी बंद थी।




