कानपुर में ‘मेहमान’ साइबेरियन पक्षियों का हो रहा शिकार, पुलिस के हाथ से फिसल गए तस्‍कर

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में गंगा किनारे विदेशी पक्षियों का प्रवास चल रहा है। हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी संख्या में विदेशी पक्षी गंगा किनारे पहुंचते हैं। गंगा किनारे इन दिनों साइबेरियन पक्षियों की भरमार है। लेकिन तस्करों ने साइबेरियन पक्षियों का शिकार शुरू कर दिया है। सर्दियों के मौसम में साइबेरियन पक्षियों के मांस की डिमांड बढ़ जाती है। शिकारी साइबेरियन पक्षियों को जाल में फंसाकर पकड़ते हैं। इसके बाद बोरियों भरकर उन्हें ले जाकर मंहगे दामों में बेचते हैं। महाराजपुर पुलिस ने चार शिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगा कटरी पर साइबेरियन पक्षियों ने डेरा डाल रखा है। कटरी के किनारे रहने वालों ने उनका शिकार भी शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कितनी बेरहमी से शिकारी पक्षियों के पैर पकड़कर ले जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने बाद वनविभाग और कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने तस्करों की धड़पकड़ के लिए छापेमारी शुरू की, तो तस्कर भूमिगत हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों से तस्करों के घरों और ठिकानों की जानकारी जुटाकर छापेमारी की, लेकिन पुलिस के हाथ तस्कर नहीं लगे।
पक्षियों के शिकार पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश
पुलिस आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वन विभाग सरसौल बीट प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा ने चार तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वन विभाग के अधिकारी, एसीपी चकेरी, नर्वल तहसील प्रशासन ने विदेशी पक्षियों की तस्करी के मामले को संज्ञान में लेकर शिकार करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। एसीपी चकेरी संतोष सिंह ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शनिवार और शुक्रवार को पुरवामीर चौकी की पुलिस तस्करों की तलाश करती रही। डोमनपुरवा के मजरा दिबियापुर निवासी दो तस्करों के घरों में पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही तस्कर भाग गए। इसके साथ ही शिकार करने वाले अड्डों पर भी पुलिस ने डेरा जमा लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button