दिल्ली पुलिस को मॉडर्न बनाने के लिए मिला ज्यादा फंड, बजट में ₹11,932.03 करोड़ अलॉट किए गए

नई दिल्ली। केंद्रीय बजट में दिल्ली पुलिस को 11,932.03 करोड़ रुपये अलॉट किए गए हैं। पिछली बार बजट में 10355.29 करोड़ रुपये मिले थे। यानी आम बजट में इस बार 1576.74 करोड़ रुपये ज्यादा मिले हैं। ये बढ़ोतरी 15.22 फीसदी है। हालांकि रिवाइज होकर पिछली बार दिल्ली पुलिस को केंद्र से कुल 11,876.59 करोड़ रुपये मिल गए थे। इस साल राजधानी में जी-20 समिट भी होना है, इसलिए फिलहाल आवंटित बजट से ज्यादा रकम दिए जाने की पूरी संभावना है।
स्थापना संबंधी बजट में इस बार 8.5 फीसदी इजाफा करते हुए 10642.11 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पिछली बार इस मद में 9808.39 करोड़ रुपए अलॉट किए गए थे। हालांकि रिवाइज होकर ये रकम बाद में 11230.49 करोड़ रुपये पहुंच गई थी। इसी तरह भवन निर्माण के मद में पिछली बार 259 करोड़ दिए गए थे, जो अबकी बार 11 करोड़ रुपये बढ़ाकर 270 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। नई टेक्नॉलजी के इस्तेमाल की खातिर 1019.92 करोड़ रुपये अलॉट किए गए हैं, जो 2022-23 के बजट में 287.90 करोड़ थे। इसे रिवाइज कर बाद में 387.10 करोड़ कर दिया गया था।
केंद्र सरकार का कहना है कि दिल्ली पुलिस के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट बड़ी चुनौती है। इसलिए ट्रैफिक नेटवर्क डिवेलप करने, मॉडल ट्रैफिक सिस्टम बनाने और ट्रैफिक सिग्नल बनाने के लिए ये पैसा खर्च किया जाएगा। इसी तरह कम्युनिकेशन नेटवर्क को डिवेलप किया जाएगा। इसके लिए कम्युनिकेशन संसाधनों का अपग्रेडेशन और फैलाव पर जोर दिया जाएगा। पुलिस ट्रेनिंग का अपग्रेडेशन होगा और लेटेस्ट टेक्नॉलजी लाई जाएगी। सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल होंगे, जबकि आपराधिक और फरेंसिक जांच का आधुनिकीकरण किया होगा।




