हिंडन नदी छठ घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश
गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने हिंडन नदी स्थित जनपद के सबसे बड़े छठ घाट का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वच्छता, शुद्ध जल, निर्बाध बिजली, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

गाजियाबाद। छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जनपद के सबसे बड़े छठ घाट हिंडन नदी का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने छठ पूजा में शामिल होकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और छठ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, नदी के पानी की स्वच्छता, सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा की शुरुआत से लेकर पर्व की समाप्ति तक हिंडन नदी और घाट के आसपास कहीं भी गंदगी अथवा कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए। नदी के जल को स्वच्छ बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ बिजली के तारों और उपकरणों की पहले से जांच कराने को कहा। किसी भी स्थान पर कटा, टूटा या खुला तार नहीं होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सभी विद्युत व्यवस्थाएं सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पूरे घाट और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने को कहा। पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए घाट तक पहुंचने वाले रास्तों पर प्रभावी प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग और आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने और पर्व के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
इस अवसर पर छठ पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव और अपेक्षाएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। समिति के सदस्यों ने पर्व को स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए आभार जताया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समिति की ओर से उठाए गए बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




