महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 18 वाहन आपस में भिड़े, चार घायल

महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सीमेंट से भरा एक ट्रक पलटने से कई वाहनों की टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए।

समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भिड़े कई वाहन (फोटो-सोशल मीडिया)

मुंबई,एजेंसी। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शुक्रवार सुबह समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुसारबिद टोल प्लाजा के पास सीमेंट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद पीछे से आ रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में करीब 18 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर सीमेंट से लदा एक ट्रक दुसारबिद टोल प्लाजा के पास पलट गया। अचानक हुए इस हादसे के कारण पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई वाहन रुक गए। इसी दौरान पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक रुके हुए वाहनों से जा टकराया। इसके बाद एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसे में चार से पांच वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें कई यात्री कारें भी शामिल थीं। कुछ लोग दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के अंदर फंस गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और हाईवे पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में घायल चार लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

इस दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेश टोपे भी घटनास्थल पर पहुंचे। वे नागपुर से जालना जा रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने पर उन्होंने बचाव कार्य में सहयोग किया और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। साथ ही घायलों के लिए चिकित्सा सहायता की व्यवस्था कराने में भी भूमिका निभाई।

बुलढाणा के पुलिस अधीक्षक नीलेश तांबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। उधर, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और सड़क से मलबा साफ करने का काम पूरा होने के बाद दोपहर करीब तीन बजे यातायात बहाल कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button