आईआईटी रुड़की के हॉस्टल में गाजियाबाद के छात्र का शव फंदे से लटका मिला, सुसाइड नोट बरामद

गाजियाबाद का रहने वाला 20 वर्षीय आयुष राजोरिया आईआईटी रुड़की में BS-MS सेकेंड ईयर का छात्र था। शुक्रवार रात हॉस्‍टल के कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला। सुसाइड नोट में उसने जिंदगी एंजॉय न कर पाने की बात लिखी है।

आईआईटी रुड़की कैंपस

देहरादून,एजेंसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में एक बार फिर छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। संस्थान के गोविंद भवन हॉस्टल में बीएस-एमएस द्वितीय वर्ष के 20 वर्षीय छात्र आयुष राजोरिया का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। आयुष गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में आयुष ने जिंदगी से परेशान होने और जीवन का आनंद नहीं उठा पाने जैसी बातें लिखी हैं। हालांकि, छात्र के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

सीओ रुड़की ओशिन जोशी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब एक बजे कोतवाली पुलिस को गोविंद भवन हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ना पड़ा। इसके बाद छात्र का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

चिकित्सकों के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, छात्र की मौत घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने से करीब पांच से छह घंटे पहले हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद आईआईटी परिसर में शोक का माहौल है। संस्थान प्रशासन ने कहा है कि वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और मृतक छात्र के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गाजियाबाद में रहने वाले आयुष के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button