फर्रुखाबाद में रामलीला देखने निकले 22 वर्षीय युवक का चार किलोमीटर दूर खाली प्लॉट में मिला शव, हत्या की आशंका
रामलीला देखने गए युवक दीपक का शव घर से 4 किलोमीटर दूर सरवर आलमपुर में एक खाली प्लाट में मिला। पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जता रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

फर्रुखाबाद,उत्तर प्रदेश। जहानगंज क्षेत्र में रामलीला देखने घर से निकले 22 वर्षीय युवक का शव दूसरे गांव में एक खाली पड़े प्लॉट में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके घर से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद हुआ। गले पर चोट के निशान और मुंह से झाग निकलने की स्थिति सामने आने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत झंसी के मजरा नगला चाहर निवासी नंदराम राजपूत के 22 वर्षीय पुत्र दीपक का शव गुरुवार सुबह सरवर आलमपुर गांव में सुभाष चंद्र के खाली पड़े प्लॉट में मिला। गांव के ही कुलदीप शाक्य ने प्लॉट में युवक का शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही राजपूताना चौकी प्रभारी जसवीर सिंह और थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था और गले पर चोटों के निशान भी पाए गए, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है।
मृतक के भाई जबर सिंह, घनश्याम और चाचा वीरभान ने बताया कि दीपक बुधवार रात गांव में आयोजित रामलीला देखने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह चार किलोमीटर दूर दूसरे गांव कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य मैनपुरी में एक रिश्तेदारी में नामकरण संस्कार में शामिल होने गए हुए थे। परिजनों के मुताबिक, दीपक के पिता की करीब 13 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी और वह अविवाहित था। भाई जबर सिंह ने किसी से भी पारिवारिक रंजिश होने से इनकार किया है।
थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने बताया कि युवक के कपड़ों पर गेरू आदि लगा हुआ मिला है, जिससे कहीं विवाद या संघर्ष होने की आशंका है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




