दिल्ली पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी , 15 टॉप आईपीएस को बाहरी राज्यों से बुलाया जा रहा

Preparations underway for major reshuffle in Delhi Police, 15 top IPS officers being called from outside states

नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली पुलिस में स्पेशल सीपी से सब डिविजन में तैनात एसीपी लेवल पर दिल्ली पुलिस में जल्द ही फेरबदल देखने को मिलेगा। गृह मंत्रालय से पिछले हफ्ते बाहर से आने वाले और दिल्ली से जाने वाले आईपीएस अफसरों की लिस्ट आ चुकी है। कुल 26 की इस लिस्ट में 11 अफसर दिल्ली से बाहर भेजे गए हैं जबकि 15 ऑफिसर बाहरी राज्यों से दिल्ली आ रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि जल्द ही एक और आईपीएस अफसरों की लिस्ट गृह मंत्रालय से आ सकती है। इसमें कई बड़े अफसरों को दिल्ली से बाहर भेजने का फरमान आ सकता है। इससे दिल्ली पुलिस में ऊपरी लेवल पर फेरबदल होना तय है।
गृह मंत्रालय से अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट के मुताबिक, सेंट्रल रेंज के जॉइंट सीपी बी. शंकर जायसवाल और ईस्टर्न रेंज के जॉइंट सीपी पुष्पेंद्र कुमार को भी दिल्ली से बाहर भेजा गया है।
दोनों को 25 मार्च को ही रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के जॉइंट सीपी केशव राम चौरसिया का ट्रांसफर गोवा हुआ है। सेंट्रल जिले के डीसीपी एम. हर्षवर्धन डेप्युटेशन में जा रहे हैं, जबकि साउथ वेस्ट जिले के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी और नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार महला को भी बाहर भेजा जा रहा है।
क्राइम ब्रांच की डीसीपी का भी तबादला
क्राइम ब्रांच की डीसीपी अपूर्वा गुप्ता को अंडमान निकोबार जाना है। इन सभी की जगह पर कुछ बाहर से तो कुछ दिल्ली में ही लंबे समय से जिलों या अहम यूनिट्स में पोस्टिंग की राह देख रहे आईपीएस की तैनाती होनी है। फिलहाल जम्मू-कश्मीर से लौट रहे संजीव कुमार यादव का लंबे समय तक स्पेशल सेल में रहने का अनुभव है।
लेकिन मौजूदा हालात में उन्हें अहम जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद कम है। अरुणाचल प्रदेश से 2015 बैच के IPS रोहित राजबीर सिंह आ रहे हैं, जिनको स्पेशल सेल या क्राइम ब्रांच में लगाया जा सकता है। पिता एसीपी राजबीर सिंह एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रहे थे।
अभी और अधिकारी दिल्ली से होंगे आउट
स्पेशल सेल में फिलहाल एकमात्र डीसीपी अमित कौशिक हैं, जबकि चार रेंज और हेडक्वॉर्टर लेवल पर डीसीपी नहीं हैं। इनका काम अडिशनल कमिश्नर देख रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय से एक और लिस्ट आ सकती है, जिसमें कुछ अन्य आला अफसर भी दिल्ली से बाहर भेजे जा सकते हैं।
ऐसे में स्पेशल सीपी से लेकर जिलों और यूनिट्स के डीसीपी की तैनाती नए सिरे से होगी। इसलिए हेडक्वॉर्टर लेवल पर इसे लेकर सुगबुगाहट चल रही है। इसी तरह सब-डिविजन में एसीपी की ट्रांसफर-पोस्टिंग की लिस्ट को लेकर भी अटकलें हैं, जिसका भी महकमे में बेसब्री से इंतजार हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button