भारतीय नागरिक बन पहली बार मनाया गणतंत्र दिवस

पाकिस्तान में जुल्मों से तंग आकर आए थे भारत, सीएए से मिली नागरिकता

  • पाक विस्थापितों ने पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया
  • भारत की नागरिकता मिलने से खुशी का माहौल
  • गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराकर उत्सव मनाया
  • नागरिकता मिलने से लोगों में आत्मविश्वास बढ़ा
  • सीएए ने नागरिकता प्रक्रिया में तेजी लाई

बाड़मेर/राजस्थान। पाकिस्तान में जुल्मों से तंग आकर बाड़मेर आये पाक विस्थापितों ने पहली बार भारतीय नागरिक के रूप में गणतंत्र दिवस मनाया। सीएए के तहत नागरिकता मिलने के बाद यह उनका पहला राष्ट्रीय पर्व है। इस खुशी का इज़हार उन्होंने तिरंगा फहराकर और राष्ट्रगान गाकर किया। उनके लिए भारत आना और नागरिकता मिलना ज़िंदगी के सबसे यादगार पल हैं। उनके चेहरों पर खुशी साफ़ झलक रही थी। अब तक उनके लिए न तो कोई गण था और न ही कोई तंत्र। भारतीय नागरिक बनने के बाद गणतंत्र दिवस का महत्व उनके लिए और भी बढ़ गया है।
इन्होंने न सिर्फ तिरंगा फहराया बल्कि राष्ट्रगान भी गाया। इन विस्थापितों के लिए भारत की धरती पर कदम रखना ही सुकून की सांस लेने जैसा था। नागरिकता मिलने का दिन उनके जीवन का सबसे यादगार दिन बन गया है। गणतंत्र दिवस की खुशी उनके लिए शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।
नागरिकता पाने वाली बुजुर्ग महिला ढाई कंवर ने कहा, ‘पहले हमारी कोई भागीदारी नहीं थी। अब वोट देने का अधिकार मिला है। अब लोगों में हमारी गिनती होगी।’ राणा सिंह ने कहा, ‘भारतीय नागरिकता मिलने से हमारी राह आसान हो गई है। दस साल से नागरिकता का इंतजार कर रहे थे। गणतंत्र दिवस से पहले नागरिकता मिलने से सीना गर्व से चौड़ा हो गया।’ नागरिकता पाने वालों में राणा सिंह, हाकम सिंह, दरिया कंवर, ढाई कंवर, निम्बराज, स्वरूप सिंह, हितेश सिंह, मीना कंवर, कविता बाई, गुड़िया कंवर शामिल हैं। पाक विस्थापित संघ बाड़मेर के जिलाध्यक्ष नरपत सिंह धारा ने बताया कि सीएए लागू होने के बाद नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी आई है। इससे उन विस्थापितों को बहुत राहत मिली है, जो वर्षों से इस पहचान के लिए इंतजार कर रहे थे। गणतंत्र दिवस के इस जश्न ने इन लोगों की ज़िंदगी में नई उम्मीदें और आत्मविश्वास भर दिया है। भारतीय नागरिकता के साथ ये लोग अब एक नए भविष्य की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button