ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली में अभूतपूर्व सुरक्षा, 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिला सील

दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिला पूरी तरह सील रहेगा। सुरक्षा के लिए 17,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।

नई दिल्ली/एजेंसी। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिला पूरी तरह सील रहेगा। इस दौरान क्षेत्र में केवल स्थानीय निवासियों और अधिकृत कार्य से आने वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
सुरक्षा विभाग के विशेष आयुक्त मनीष अग्रवाल के अनुसार, सम्मेलन की सुरक्षा में 15 हजार पुलिसकर्मियों और दो हजार से अधिक अर्धसैनिक बलों समेत 17 हजार से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम, हवाई अड्डे और विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। विदेशी और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।
सम्मेलन के दौरान अति विशिष्ट लोगों की आवाजाही और सुरक्षा को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में ड्रोन अथवा किसी भी प्रकार की अनधिकृत उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ऊंची इमारतों पर तैनात कमांडो दूरबीन के माध्यम से लगातार निगरानी रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तैयार रहेंगे। वहीं, नियंत्रण कक्ष से आधुनिक निगरानी प्रणाली के जरिये पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
अति विशिष्ट लोगों की आवाजाही के दौरान यातायात को कुछ समय के लिए रोका या वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी दिशा-निर्देश देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से कुछ चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर निकास को लेकर अस्थायी दिशा-निर्देश लागू किए जा सकते हैं। ऐसे किसी भी बदलाव की जानकारी यात्रियों को मेट्रो के भीतर ही दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button