महाराष्ट्र विधानसभा उपाध्यक्ष अण्णा बनसोडे पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी के बने न्यासी
मुंबई में आयोजित पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी की कार्यकारी समिति की बैठक में महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक अण्णा बनसोडे को सोसायटी का न्यासी (डायरेक्टर) नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि उनकी नियुक्ति से संस्था के शैक्षणिक और सामाजिक कार्यों को नई दिशा मिलेगी। अण्णा बंसोडे ने शिक्षा के प्रसार और सामाजिक परिवर्तन के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

कांती जाधव/स्टेट हेड महाराष्ट्र
मुंबई,ब्यूरो। भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा स्थापित पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी की कार्यकारी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मुंबई स्थित गरवारे क्लब में आयोजित की गई। बैठक में सोसायटी के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संगठन को नई दिशा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसी दौरान महाराष्ट्र विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विधायक अण्णा बनसोडे को पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी का न्यासी (डायरेक्टर) नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री एवं पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष रामदास अठावले ने की। अण्णा बनसोडे को न्यासी नियुक्त किए जाने पर सोसायटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकारी समिति के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और सक्रिय भूमिका से संस्था के शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यों को और गति मिलेगी।
इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण का सबसे प्रभावी माध्यम माना था। पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी उसी विचार और उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अण्णा बंसोडे के न्यासी के रूप में जुड़ने से संस्था के कार्यों को नई ऊर्जा मिलेगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में सोसायटी की गतिविधियों का विस्तार होगा।
अण्णा बंसोडे ने अपनी नियुक्ति पर सोसायटी के पदाधिकारियों और कार्यकारी समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा स्थापित संस्था से जुड़ना उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक अवसर पहुंचाना और सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी भविष्य में भी शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
पीपुल्स एजुकेशन सोसायटी की स्थापना डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने शिक्षा के व्यापक प्रसार और समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की थी। संस्था लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से डॉ. आंबेडकर के शैक्षणिक और सामाजिक विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। अण्णा बनसोडे की नियुक्ति को संस्था के आगामी कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में सोसायटी के आगामी कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संस्था के मूल उद्देश्यों के अनुरूप शिक्षा के प्रसार और सामाजिक परिवर्तन के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।




