गाय के जबड़े में फटा बम, लहूलुहान वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्टिव

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर में एक हैरान करने वाली घटना प्रकाश में आई है। गाय के जबड़े में बम फटने से उसके चीथड़े उड़ गए। गुरुवार रात गाय का लहूलुहान वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और नगर निगम के अधिकारी एक्टिव हो गए। नगर निगम के कर्मचारियों ने गाय को रायपुरवा स्थित पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के एरिया के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
काकादेव स्थित नवीन नगर कूड़ा घर के पास गाय लहूलुहान हालत में तड़प रही थी। स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया। पुलिस ने देररात नगर निगम को इसकी जानकारी दी। नगर निगम के कर्मचारी ऐंबुलेंस से गाय को पशु चिकित्सालय लेकर आए। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन खुद भी मौजूद रहे।

रायपुरवा पशु चिकित्सालय के इंचार्ज डॉ. राजेंद्र के मुताबिक, गाय का जबड़ा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। उसके जबड़े में अस्थाई तौर पर प्लास्टर चढ़ाया गया है। शुक्रवार को उसके कुछ ऑपरेशन करने पड़ेंगे। आशंका जाहिर की जा रही है कि गाय ने भोजन की तलाश में बम को जबड़े में भर लिया। जिसकी वजह से बम मुंह के भीतर फट गया है। कमिश्नरेट पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस जांच में यदि किसी की शरारत पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी तलाश रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button