नशा के खिलाफ दिल्ली पुलिस का अभियान ‘नशा – नॉट कूल’

दिल्ली पुलिस का ‘नशा – नॉट कूल’ अभियान राजधानी में मेडिकल दुकानों, डॉक्टरों और आमजन को जोड़कर नशामुक्त समाज का संदेश फैला रहा है। विशेषज्ञों और हस्तियों के समर्थन से यह पहल स्कूलों, रेडियो और सोशल मीडिया तक पहुँच रही है।
राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस का ‘नशा – नॉट कूल’ अभियान राजधानी में लगातार व्यापक जनजागरूकता फैला रहा है। सप्ताहभर चल रहे इस अभियान के पाँचवें दिन मेडिकल दुकानों और फार्मासिस्टों को सक्रिय रूप से जोड़ा गया। दिल्ली के विभिन्न बाज़ारों और अस्पतालों में केमिस्ट दुकान के कर्मचारियों ने विशेष रूप से तैयार किए गए एंटी-ड्रग संदेश वाले आर्मबैंड पहनकर भागीदारी की। दुकानों पर लगाए गए बैनरों और पुलिसकर्मियों द्वारा वितरित किए गए जागरूकता सामग्री ने आमजन को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।
इस पहल को चिकित्सा जगत से भी मजबूत समर्थन मिला है। एम्स के नेशनल ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर के प्रोफेसर डॉ. यतन पाल सिंह बलहरा, आईएचबीएएस की सीनियर रेज़िडेंट मनोचिकित्सक डॉ. अनुषा गर्ग, सीके बिरला अस्पताल गुरुग्राम के डायरेक्टर डॉ. अंशुमान कौशल, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रोहित गुप्ता और सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. वार्तिका विश्वानी जैसे विशेषज्ञ दिल्ली पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से जागरूकता फैला रहे हैं।
अभियान को मीडिया जगत के वरिष्ठ व्यक्तित्व श्री राजत शर्मा, फिल्म जगत से श्री मुकेश खन्ना और श्री मिलिंद सोमन जैसे नामचीन हस्तियों का भी समर्थन मिला है। इसके अलावा स्कूल आधारित कार्यक्रमों, रेडियो जिंगल्स और सोशल मीडिया पर सक्रिय भागीदारी के ज़रिए अभियान का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जनसंपर्क वाहन भी शहर के विभिन्न हिस्सों में ऑडियो-वीडियो सामग्री और लघु फिल्मों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश पहुँचा रहा है।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और नशामुक्त समाज के सामूहिक लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दें।





