दिल्ली सहारनपुर मार्ग किनारे खुदा गड्ढा दे रहा हादसे को दावत, अंधेरे में वाहन बनते हैं शिकार

दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर लोनी इंटर कॉलेज के पास एक गहरा गड्ढा हादसों का कारण बन रहा है, जिससे बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को खतरा है।
लोनी/गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर मार्ग पर लोनी इंटर कॉलेज के पास पिछले कई दिनों से एक गहरा गड्ढा बना हुआ है। जिसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। सड़क किनारे खोदे गड्ढे के पास न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और ना ही बैरिकेटिंग की गई है। खुले गड्ढे के कारण बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के गिरने व गंभीर रूप से घायल होने की आशंका बनी रहती है।
राहगीरों एवं कॉलोनी वासियों ने इसकी शिकायत संबंधित विभाग के अधिकारी से की है, लेकिन किसी भी विभाग के अधिकारी ने मौका निरीक्षण तक नहीं किया है।जिसके कारण लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है रात के समय वाहन चालक गड्ढे में फंस जाते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। गड्ढा गहरा होने के कारण इसमें वाहनों के फंसने के साथ उनके पलटने का खतरा भी बना रहता है।
निकट लोनी इंटर कॉलेज स्कूल होने से छात्रों के गिरने का डर लगा रहता है। लोगों का कहना है कि गड्ढे को बंद कराकर समस्या का समाधान करना चाहिए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राम राजा ने बताया कि सड़क किनारे बने गड्ढे की जानकारी मिली है। बताया जा रहा रहा है कि बिजली विभाग द्वारा लाइन को ठीक करने के दौरान गड्ढा किया था। सुरक्षा की दृष्टि से उसका भराव करना चाहिए। गड्ढे को बंद कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।




