दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल के हाथों मारे गए युवक के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव

सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली के जाफरपुर कलां में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल द्वारा मारे गए पांडव कुमार के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद, कानूनी सहायता का आश्वासन दिया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल द्वारा की गई हत्या के मामले में बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। मृतक पांडव कुमार मूलत: बिहार के खगड़िया जिले के खड़गी तेरासी गांव के निवासी थे। वे दिल्ली के जाफ़ररपुर कलां इलाके की प्रजापति कालोनी में रहते थे। इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद भी की।
पप्पू यादव मंगलवार को पीड़ित परिवार के सदस्यों से मिले और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने परिवार की स्थिति और पुलिस जांच की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। परिवार ने सांसद पप्पू यादव को बताया कि दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने पांडव कुमार की हत्या कर दी थी। परिवार न्याय की मांग कर रहा है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पप्पू यादव ने कहा कि वे इस मामले को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे। उन्होंने परिवार को कानूनी और अन्य सहायता मुहैया कराने का भरोसा भी दिलाया। बता दें कि यह मामला दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल द्वारा एक छोटे से विवाद में गोली चलाकर हत्या करने से संबंधित है। आरोपित को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया था। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के इस मामले में हस्तक्षेप के साथ ही अब यह राजनीतिक सुर्खियां भी बटोरेगा। वहीं, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।





