शालीमार सिटी में बिल्डर करा रहा था खुदाई, तीन मंजिला मकान जमींदोज,

 

गाजियाबाद। शालीमार सिटी में बिल्डर द्वारा बेसमेंट की खुदाई कराते वक्त पास में बना तीन मंजिला मकान जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि हादसे से पहले ही उसमें मौजूद सभी छह लोग बाहर निकल गए थे, वरना बड़ा हादसा हो जाता। चार अन्य मकानों में भी दरार आ गई है। डर की वजह से इन मकानों में रहने वाले लोग बाहर निकल आए हैं। लोगों ने बिल्डर के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। बिल्डर ने मकान बनवाने का आश्वासन दिया है।

शालीमार सिटी परिसर में इमारत बनाने के लिए बेसमेंट की खुदाई चल रही है। बुधवार को सुबह नौ बजे से परिसर की दीवार के पास बुलडोजर से खुदाई चल रही थी। 20 फीट गहरा बेसमेंट खोदा जा चुका था। सुबह 11 बजे लोगों को पता चला कि उनके मकानों में दरार आ गई है। उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खुदाई का काम रुकवा दी।

मकान में दरार आने के बाद भी लोग अपने घराें से बाहर नहीं निकले। इनमें एक मकान शकील सैफी का भी है। मकान में शकील, उनकी पत्नी व दो बच्चे रहते हैं। उनके घर में दो मेहमान भी आए हुए हैं। परिवार को महसूस हो गया कि मकान गिरने वाला है। जिसके बाद उन्होंने मकान से सामान निकालना शुरू कर दिया। शाम 4:20 बजे शकील सैफी का मकान दरकना शुरू हो गया। तुरंत मकान से सभी लोग बाहर निकल आए। तीन मिनट बाद ही मकान भरभराकर गिर गया। इसके बाद जिन चार मकानाें में दरार आई थी उनमें से भी सभी लोग बाहर आ गए हैं। लोगों ने बिल्डर पर लापरवाही से खुदाई कराने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।

मुझे मकान गिरने की जानकारी मिल गई है। मकान बिना पिलर और बहुत ही कमजोर बना था। मैं पीड़ित का इससे अच्छा और मजबूत मकान बनवाकर दूंगा। विजय रावत, डायरेक्टर, शालीमार सिटी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button