संरक्षित जमीन पर किया जा रहा अवैध मकान निर्माण

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चचीडा गांव निवासी छोटेलाल यादव पुत्र बुच्चन ने तहसीलदार खागा को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है कि उनकी जमीन पर गांव के विष्णु पाल अवैध निर्माण कर रहे हैं।
छोटेलाल यादव का कहना है कि गाटा संख्या 441/0.4710 हेक्टेयर में उनके पूर्वजों का लंबे समय से कब्जा रहा है। इस जमीन पर उनका परिवार लकड़ी, कंडे और पालतू जानवरों को रखकर प्रयोग करता आ रहा है। आरोप है कि विष्णु पाल न केवल इस जमीन पर निर्माण कर रहे हैं बल्कि उन्हें जानवर बांधने और जमीन तक आने-जाने से भी रोकते हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
वहीं गांव के बुजुर्गों का कहना है कि विवादित जमीन ग्राम समाज की गौचर भूमि है, जो लगभग तीन बीघे में फैली हुई है। आरोप है कि रास्ते में पिलर खड़ा कर आवागमन में बाधा उत्पन्न की जा रही है।
इस मामले में नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत संज्ञान में आई है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं तहसीलदार शैलकुमारी ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। यह विवाद अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जमीन पर किसका अधिकार है और निर्माण कार्य वैध है या अवैध।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button