मनाली में बादल फटने से आई बाढ़, हाईवे पर आए बड़े-बड़े पत्थर, 2 घर बहे, देखें वीडियो

मनाली/हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश में बारिश ने एक बार फिर से तबाही मचाई है। इस बार मनाली में बारिश की वजह से भारी नुकसान हुआ है। मनाली में बुधवार आधी रात बादल फटने से अंजनी महादेव नदी और आखरी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने से लोगों में अफरा तफरी मच गई। पलचान, रुआड और कुलंग गांव के लोग आवाज सुनकर घरों से बाहर आ गए। ब्यास नदी अचानका ऊफान में आ गई। नदी से आ रही भयंकर आवाज से हर कोई सहम गया। बादल फटने से आई बाढ़ से पलचान में दो घर बह गए हैं। बादल फटने से लेह मनाली हाइवे को भी नुकसान हुआ है। लेह मनाली हाईवे पर बने पुल पर बड़े-बड़े पत्थर आ गए हैं।
बाढ़ आने से दो घर इसकी चपेट में आ गए। वहीं इन घरों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई। फिलहाल मनाली प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। प्रशासन नुकसान का भी आंकलन कर रहा है। जिन लोगों के घरों को नुकसान पहुंचा है उनमें धनी राम और खिमी देवी शामिल है। बाढ़ से पुल और पावर प्रोजेक्ट को भी नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों के अनुसार मनाली क्षेत्र में अंजनी महादेव नाले में बादल फटने के कारण एनएच-3 पर धुंडी और पलचान पुल के बीच का हिस्सा प्रभावित हुआ है। लाहौल और स्पीति पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक परामर्श जारी कर कहा कि अटल टनल के उत्तरी द्वार से लाहौल और स्पीति से मनाली जाने वाले वाहनों को रोहतांग की ओर मोड़ दिया गया है। यात्रियों से यह भी कहा कि वे केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, सावधानी से वाहन चलाएं तथा मार्ग में संभावित खतरे के प्रति सचेत रहें।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि बुधवार रात में राज्य में कुल 15 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं, जिनमें मंडी में 12, किन्नौर में दो और कांगड़ा जिले की एक सड़क शामिल है। इस घटना में एक बिजली परियोजना और कुछ घरों को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय मौसम विभाग ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों यानी 28 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि 27 जून को मानसून के आगमन के बाद से राज्य में वर्षाजनित घटनाओं में कुल 49 लोगों की मौत हुई है। घरों में रह रहे लोगों ने भागकर जान बचाई लेकिन घर बाढ़ की चपेट में आ गए। पलचान व सोलंग के समीप स्नो गैलरी में मलबा आने से मनाली लेह मार्ग भी बन्द हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button