गुरुग्राम से सालासर और खाटू श्याम के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा, 15 घंटे का सफर होगा खत्म
Helicopter taxi service will start soon from Gurugram to Salasar and Khatu Shyam, 15 hours journey will end

गुरुग्राम। जल्द ही साइबर सिटी से राजस्थान के सालासर व खाटू श्याम की यात्रा और आसान होगी। यात्रा दोनोें धाम के लिए हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा शुरू होने से आसान होगी। इसके लिए हरियाणा के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने राजस्थान के नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार से चर्चा की है। दोनों में सेवा शुरू करने को लेकर सहमति बन गई है। जल्द ही आगे की कार्यवाही शुरू हाेगी। इस सेवा के शुरू हाेने से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सालासर एवं खाटू श्याम की यात्रा करने के लिए साइबर सिटी से प्रतिदिन हजारों लोग जाते हैं। दोनों जगह सड़क मार्ग से जाने-आने में कम से कम 10 से 12 घंटे लगते हैं। कई बार ट्रैफिक जाम होने पर जाने-आने में 15 घंटे से भी अधिक लग जाते हैं। प्रदेश सरकार का मानना है कि हेलीकॉप्टर टैक्सी शुरू होने से यात्रियों की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी होगी।
सेवा को जल्द से जल्द शुरू करने को लेकर सोमवार को प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल ने राजस्थान के नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम कुमार के साथ बैठक की। बैठक में हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे, जैसे हेलीपैड, यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया और सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता से विकसित करने पर जोर दिया गया। दोनों राज्यों के बीच आवश्यक प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने की भी बात तय की गई।
बैठक के बाद विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि तीर्थ स्थलों की यात्रा के लिए तेज, सुरक्षित और आरामदायक विकल्प प्रदान किया जाए। इस पहल से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और सेवा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विकास होगा। जल्द ही इस सेवा के औपचारिक उद्घाटन की प्रक्रिया प्रारंभ होने की संभावना है, जिससे हरियाणा और राजस्थान के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।
बता दें कि इसी साल जनवरी में विपुल गोयल ने प्रदेश के नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर इस रूट के संभावित संचालन को लेकर प्रेजेंटेशन देखी थी। बैठक के दौरान गुरुग्राम से खाटू श्याम और सालासर धाम तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने के तकनीकी, वित्तीय और व्यावसायिक पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया था। बैठक में विपुल गोयल ने गुरुग्राम-चंडीगढ़ और हिसार-चंडीगढ़ के बीच भी हेलीकॉप्टर सेवा की संभावनाओं पर स्टडी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे।




