बाल दिवस पर विशेष: खो गया खेल, सिमट गया बचपन, मोबाइल में कैद नई पीढ़ी

बचपन जीवन का सबसे सुंदर और मासूम दौर होता है। यह वह समय है जब बच्चे खेलों के माध्यम से सीखते हैं, दोस्ती करते हैं और जीवन के मूल्यों को आत्मसात करते हैं। लेकिन आज की नई पीढ़ी का बचपन मोबाइल की स्क्रीन में कैद होता जा रहा है। खेल के मैदान सूने पड़ गए हैं, और बच्चों की हंसी अब डिजिटल गेम्स की आवाज़ों में दब गई है। बचपन में जो खेल आपने खेले, वो शायद अब नहीं। क्योंकि आज की पीढ़ी मोबाइल में सिमट गई है। कभी दोपहर की धूप में मिट्टी पर क्रिकेट और कबड्डी की आवाज़ें गूंजती थीं, अब वही गलियां सन्नाटे में डूबी हैं। बच्चों की दुनिया अब मैदानों में नहीं, बल्कि मोबाइल की चमकती स्क्रीन में सिमट गई है।
मोबाइल बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। पढ़ाई, मनोरंजन, संवाद—सब कुछ अब मोबाइल पर निर्भर है। मोबाइल की आसान उपलब्धता ने बच्चों को वास्तविक खेलों से दूर कर दिया है। पारंपरिक खेल जैसे कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, पिट्ठू, रस्साकशी अब बच्चों की दिनचर्या से गायब हो रहे हैं। खेलों से मिलने वाली शारीरिक ऊर्जा, टीम भावना और अनुशासन अब मोबाइल गेम्स में नहीं मिल पाते। शारीरिक गतिविधि की कमी से बच्चों में मोटापा, आंखों की कमजोरी और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। खेलों से मिलने वाली सामाजिकता और दोस्ती अब वर्चुअल चैट्स और इमोजी तक सीमित हो गई है।
मोबाइल की लत बच्चों को अकेला और अंतर्मुखी बना रही है। वास्तविक बातचीत की जगह वर्चुअल चैट्स ने ले ली है। लाइक्स और फॉलोअर्स की दौड़ बच्चों में प्रतिस्पर्धा और असुरक्षा की भावना पैदा कर रही है। रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति सीमित हो रही है क्योंकि बच्चे वास्तविक अनुभवों से दूर हो रहे हैं।
नींद की कमी, चिड़चिड़ापन और ध्यान भटकना आम समस्याएं बन चुकी हैं। माता-पिता को बच्चों के मोबाइल उपयोग पर नियंत्रण रखना होगा। बच्चों को खेलकूद, कला, संगीत और पठन-पाठन की ओर प्रेरित करना जरूरी है। स्कूलों और समाज को मिलकर बच्चों के लिए खेल महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आउटडोर गतिविधियाँ आयोजित करनी चाहिए। “नो मोबाइल डे” जैसे छोटे प्रयास बच्चों को वास्तविक दुनिया से जोड़ सकते हैं। तकनीक का संतुलित उपयोग ही बच्चों को स्वस्थ और खुशहाल बना सकता है। मोबाइल को शिक्षा और जानकारी का साधन बनाना चाहिए, मनोरंजन का कैदखाना नहीं। बच्चों को यह समझाना होगा कि असली दोस्ती, असली खेल और असली खुशियां स्क्रीन से बाहर हैं। परिवार के साथ समय बिताना, प्रकृति से जुड़ना और खेलों में भाग लेना ही बचपन को बचा सकता है। मोबाइल ने नई पीढ़ी को सुविधा दी है, लेकिन बचपन की असली खुशियां उससे छीन ली हैं। खेलों का खोना सिर्फ मनोरंजन का नुकसान नहीं, बल्कि समाज की ऊर्जा और रचनात्मकता का भी ह्रास है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि मोबाइल बच्चों का साधन बने, कैदखाना नहीं।
लेखक : अभय गंगवार




