संजीवनी बूटी लाकर हनुमान जी ने बचाए लक्ष्मण के प्राण
Hanuman ji saved Lakshman's life by bringing Sanjivani herb

साहिबाबाद/ गाजियाबाद। रामायण कला संगम समिति लाजपत नगर रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में कलाकारों ने हनुमान-मेघनाद संवाद, कालनेमि की माया, लक्ष्मण को शक्ति बाण लगने का आकर्षक मंचन किया। मंचन के प्रथम दृश्य में प्रभु श्रीराम वानर सेना के साथ लंका पर आक्रमण की योजना बनाते, युद्ध शुरू होते रावण के एक से बढ़कर एक पराक्रमी योद्धा धराशायी होते जाते हैं। सारे योद्धा के मारे जाने के बाद रावण की तरफ से मेघनाद युद्ध के लिए आता है, मेघनाद की पहली मुलाकात हनुमान जी के साथ होती है। मेघनाद व हनुमान जी के संवाद का कलाकारों ने बखूबी मंचन किया। इसके बाद लक्ष्मण व मेघनाद में भयंकर युद्ध होता है। युद्ध का बैठे दर्शकों ने खूब आनंद लिया एवं तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन भी किया। मेघनाद, लक्ष्मण पर शक्ति बाण का प्रयोग करता है, फलस्वरूप लक्ष्मण मूर्छित होकर जमीन पर गिर जाते हैं।
हनुमान जी उन्हें वहां से उठाकर भगवान श्रीराम के पास ले आते हैं। जहां प्रभु राम लक्ष्मण जी की हालत को देखकर बिलख-बिलख कर रो पड़ते हैं। रामजी का विलाप सुनकर दर्शक भी अपने आंसू नहीं रोक सके। इसी बीच जामवंत ने लंका से सुषेण वैद्य को लाने की बात कही जाती है। जिस पर हनुमानजी लंका जाकर सुषेण वैद्य को ले आते हैं। वैद्य ने संजीवनी बूटी द्वारा ही लक्ष्मण जी के उपचार करने की युक्ति बताने के साथ ही कहते हैं यदि सूर्योदय से पूर्व संजीवनी बूटी नहीं आई तो लक्ष्मण जी का प्राण बचाना असंभव होगा। उसी समय तत्काल हनुमान जी संजीवनी बूटी लाने के लिए चले जाते हैं। रास्ते में कालनेमि नामक अपनी तमाम माया फैलाकर हनुमान जी का रास्ता रोकने का प्रयास करता है। कालनेमि स्वयं एक साधु का रूप धारण कर हनुमान जी से गुरुमंत्र लिए जाने को कहता है। तालाब में स्नान करने गए हनुमानजी को एक मछली ने कालनेमि की माया के बारे में बता देती है। हनुमान जी कालनेमि की माया को समाप्त करते हैं। पर्वत सहित संजीवनी बूटी लेकर लंका पहुंचते हैं। यहां लक्ष्मण जी की संजीवनी बूटी खाकर जान बच जाती है। इसके बाद वह फिर युद्ध में चले जाते हैं। अध्यक्ष श्री बिक्रम सिंह बैंसला, महासचिव अशोक चौधरी,वरिष्ट उपाध्यक्ष पुष्कर गुप्ता, कोषाध्यक्ष के के सिंह, सचिव शालिकराम सिंह, संरक्षक देवेंद्र त्यागी, नीटू चौधरी,मीडिया प्रभारी मोहित शर्मा, मेला प्रभारी अनिल सिरोही, प्रशांत पटेल, मास्टर बिजेंद्र सिंह, सुरेश कसाना, चेतन ठाकुर, अभिमन्यु सिंह,पंकज गोयल,विनय कुमार,दीपक कुमार, विनय कुमार, आशीष पंडित, कैमरामैन प्रवेश गुप्ता, विकास यादव, मोनू चौधरी, शैलेंद्र पाल, रोहित गुप्ता, आशीष जैन, संतोष शर्मा, आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




