रामबन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार वांछित आतंकियों की 90.77 लाख की संपत्ति अटैच
रामबन पुलिस ने पाकिस्तान और पीओके में छिपे चार वांछित आतंकियों की करीब 90.77 लाख रुपये की अचल संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की धारा 25 के तहत आतंकवाद के वित्तीय नेटवर्क को कमजोर करने के उद्देश्य से की गई है।

ऊधमपुर/जम्मू। आतंकवाद की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से रामबन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में छिपे चार वांछित आतंकियों की करीब 90.77 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों को अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 25 के तहत पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, बनिहाल के जिन्हाल निवासी अब्दुल रशीद उर्फ बशीर की 11 मरला पैतृक भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत 9.25 लाख रुपये है, को अटैच किया गया है। इसके अलावा कुंदन खड़ी निवासी गुलाम रसूल उर्फ बादशाह की 10 कनाल भूमि पर खेती के अधिकार, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त किया गया है।
इसी क्रम में कूट खड़ी निवासी अब्दुल लतीफ नाइक उर्फ सज्जाद की तीन कनाल पैतृक भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है, को भी अटैच किया गया है। वहीं बनिहाल के चरील निवासी मुश्ताक अहमद की दो मरला भूमि, जिसकी कीमत करीब 1.52 लाख रुपये है, को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आतंकवाद के समर्थन तंत्र को कमजोर करने और आतंकियों व उनके सहयोगियों को अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों का लाभ उठाने से रोकने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर आतंकवाद के वित्तीय नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
रामबन पुलिस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता के विरुद्ध गतिविधियों में शामिल आतंकियों, उनके सहयोगियों और समर्थकों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




