गाजियाबाद में युवक को बंधक बनाकर पीटा, करंट लगाया और निजी अंग पर चाकू से वार

वकील का मधुबन बापूधाम पुलिस पर गंभीर आरोप

गाजियाबाद। गाजियाबाद में मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर में एक 22 वर्षीय युवक के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं दो युवकों ने उसे करंट भी लगाया। पीड़ित के निजी अंग पर चाकू से वार कर घायल किया गया। पीड़ित का आरोप है कि उसके एक दोस्त के साथ एक युवती कही चली गई, जिससे नाराज होकर उसके साथ मारपीट की गई है। युवक के पिता और अधिवक्ता ने मधुबन बापूधाम थानाध्यक्ष समेत पांच पुलिसकर्मियों पर धमकाने का आरोप लगाया है।
सदरपुर निवासी पेंटर बिट्टू का कहना है कि सोमवार की सुबह करीब नौ बजे वह काम पर जा रहा था। रास्ते में उसे बालकिशन और करण मिले। दोनों आरोपी बिट्टू को अपने साथ बालकिशन के मधुबन बापूधाम स्थित कमरे पर ले गए। पीड़ित का कहना है कि कमरे की बाहर से कुंडी एक सिपाही ने लगा दी। इसके बाद बिट्टू को बंधक बनाकर करीब 10 घंटे तक बुरी तरह पीटा गया। उसके करंट लगाया गया। हाथ, बाजू, पैर में कई जगह डंडे से हमला किया गया। युवक के निजी अंग पर चाकू से वार कर घायल कर दिया।
बिट्टू के मुताबिक, उसके मोबाइल में सिम डालकर किसी अन्य नंबर पर भी बात की गई। शाम करीब सात बजे आरोपी उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गए। युवक के पिता का आरोप है कि शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात हल्की धाराओं में केस दर्ज किया और करण को पकड़ लिया। लेकिन अब मुकदमे में फैसले के लिए दबाव डाला जा रहा है।
पीड़ित के अधिवक्ता प्रशांत चौधरी ने आरोप लगाया है कि उन्हें पैरवी करने से मना किया जा रहा है। थानाध्यक्ष की तरफ से पांच लाख रुपये लेकर चुप बैठने को कहा है, अन्यथा एनकाउंटर की धमकी दी गई है। इस संबंध में एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी गिरफ्तार भी कर लिया है। समझौते और धमकाने का आरोप बेबुनियाद है। एसीपी का कहना है कि पीड़ित बिट्टू का दोस्त मोहित आरोपी करण की पत्नी को ले गया है। दूसरे आरोपी बालकिशन की पत्नी को बिट्टू भागकर ले आया है। बिट्टू, मोहित और करण पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अधिवक्ता प्रशांत चौधरी पर एक मुकदमा दर्ज है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button